auto_awesome एक नज़र में (Major Highlights)
▪️बिहार सरकार ने पुलिस विभाग में 48,447 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी और अधिसूचना जारी की।
▪️इस प्रकृया में बिहार सरकार, गृह विभाग और बिहार पुलिस की भागीदारी रहेगी।
▪️कुल 48,447 पद (22,010 सिपाही, 20,937 एसआई और 5,500 चालक सिपाही)।
▪️युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर; यह राज्य की सबसे बड़ी पुलिस भर्तियों में से एक है।
▪️भर्ती बोर्ड द्वारा परीक्षा पैटर्न, योग्यता मानदंड और आवेदन लिंक जारी किया जाएगा।

बिहार सरकार पुलिस महकमे में सब-इंस्पेक्टर, सिपाही और चालक सिपाही के हजारों खाली पदों को सीधी नियुक्ति और प्रोन्नति के जरिए भरेगी।
बिहार सरकार ने राज्य के पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर रिक्तियों को भरने के लिए कुल 48,447 पदों पर भर्ती प्रक्रिया को हरी झंडी दे दी है। गृह विभाग द्वारा इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी गई है, जिसके बाद पुलिस महकमे में अब तक के सबसे बड़े भर्ती अभियानों में से एक का रास्ता साफ हो गया है।
गृह विभाग ने जारी किया पदों का वर्गीकरण
गृह विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस भर्ती प्रक्रिया के तहत अलग-अलग विंग और श्रेणियों में रिक्तियां निकाली गई हैं। विभाग ने कानून व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यकुशलता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सब-इंस्पेक्टर (SI), कॉन्स्टेबल और ड्राइवर कॉन्स्टेबल के पदों को इसमें शामिल किया है। हालांकि, इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की सटीक तारीख और विस्तृत दिशानिर्देश आना अभी बाकी है।
दारोगा और सिपाही पदों का पूरा गणित
अधिसूचना के अनुसार, पुलिस अवर-निरीक्षक (एसएसटी/एसआई) व समकक्ष श्रेणी के कुल 20,937 पदों को भरा जाएगा। विभाग ने इन पदों को भरने के लिए दो अलग-अलग नीतियां अपनाई हैं:
- सीधी नियुक्ति (Direct Recruitment): एसआई के कुल 10,468 पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा के माध्यम से उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
- विभागीय प्रोन्नति (Departmental Promotion): शेष 10,469 पदों को विभाग में पहले से कार्यरत कर्मियों की प्रोन्नति (प्रमोशन) के जरिए भरा जाएगा।
इसके साथ ही, सिपाही (Constable) व समकक्ष पदों के लिए सबसे अधिक वैकेंसी निकाली गई है। विभाग कुल 22,010 सिपाही पदों पर नियुक्तियां करने जा रहा है, जिससे राज्य के युवाओं के लिए पुलिस बल में शामिल होने का बड़ा अवसर खुलेगा।
चालक सिपाही के 5,500 पदों पर भी मुहर
पुलिस बेड़े के लॉजिस्टिक्स और वाहनों के संचालन को दुरुस्त करने के लिए चालक सिपाही (Driver Constable) व समकक्ष के 5,500 पदों पर भी भर्ती की जाएगी।
इस पूरी भर्ती प्रक्रिया के लिए शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के नियम क्या होंगे, इस पर आधिकारिक चयन पर्षद द्वारा विस्तृत ब्रोशर जारी होने का इंतजार है।